प्रियंका से एकतरफा प्यार करने वाला उसका मौसेरा भाई पुनाहुर गांव का शिवशंकर रात में उसके घर पहुंचा। वह प्रियंका को जगाकर पीछे के कमरे में ले गया। वहां पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान शिवशंकर ने कुल्हाड़ी से प्रियंका के गले पर तीन वार किए।
बांदा जिले के अतर्रा कस्बे में एकतरफा प्यार में मौसेरे भाई ने गुरुवार की रात कुल्हाड़ी से गला काट कर युवती को मार डाला। परिजनों को वारदात का पता शुक्रवार सुबह चला। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हैं। सूचना पर पहुंचे एसपी ने जांच-पड़ताल की है। मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी मिली है। बिसंडा थाना क्षेत्र के लौली टीकमऊ गांव निवासी प्रियंका (23) पुत्री स्व. रामप्रताप गुरुवार की रात बड़ी बहन गुड़िया और छोटी बहन समुद्री के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सोई थी।
गले पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए
प्रियंका से एकतरफा प्यार करने वाला उसका मौसेरा भाई पुनाहुर गांव का शिवशंकर रात में उसके घर पहुंचा। वह प्रियंका को जगाकर पीछे के कमरे में ले गया। वहां पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान शिवशंकर ने कुल्हाड़ी से प्रियंका के गले पर तीन वार किए।
चारपाई पर नहीं मिली प्रियंका
इससे वह लहूलुहान होकर गिर गई। प्रियंका को मरा समझकर शिवशंकर भाग गया। शुक्रवार की सुबह प्रियंका की दोनों बहनों की नींद खुली तो वह चारपाई पर नहीं मिली। प्रियंका को खोजते हुए दोनों बहनें घर के पीछे वाले कमरे में पहुंचीं।
आनन फानन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे पड़ोसी
वहां प्रियंका को लहूलुहान पड़ा देखकर शोर मचाते हुए बाहर आईं और पड़ोसियों को बताया। पड़ोसी चुन्नू और अन्य लोग प्रियंका को लेकर स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा पहुंचे। वहां से जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
मौसेरे भाई की तलाश में जुटी पुलिस
युवती की हत्या की खबर की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल लौली टीकमऊ गांव पहुंचे। परिजनों से पूछताछ की। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पुलिस की तीन टीमें लगाई हैं। इधर, बिसंडा थाना प्रभारी कौशल सिंह ने कहा कि मौसेरे भाई की तलाश की जा रही है।
प्रेम-प्रसंग के चलते हुई घटना
एसपी ने पड़ोसियों के साथ प्रियंका की मां सेमिया और दोनों बहन गुड़िया व समुद्री से पूछताछ की। एसपी ने कहा कि प्रेम प्रसंग के चलते वारदात हुई है। मौसेरे भाई को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ढाई माह पहले बीमारी से हुई थी पिता की मौत, मां शादी में गई थीं
प्रियंका के पिता रामप्रताप की ढाई माह पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। गुरुवार की रात को प्रियंका की मां अपने भाई की बेटी की शादी में शामिल होने बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव गईं थीं। एक भाई सुधीर है। प्रियंका तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी।