असम के कछार से एक घिनौनी घटना सामने आई है। पड़ोस में रहने वाले चालक ने महिला के घर में घुसकर उसके बच्चों के सामने ही रेप किया। इसके बाद महिला पर तेजाब डालकर फरार हो गया।
असम के कछार जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। पड़ोसी ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ रेप किया। आरोपी ने इस घिनौने अपराध को उसके बच्चों के सामने ही अंजाम दिया। इतना ही नहीं, महिला से रेप करने के बाद उस पर तेजाब डालकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना कछार जिले के धोलाई थाना क्षेत्र की है। घटना की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
चालक है आरोपी
पुलिस के अनुसार, धोलाई थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय महिला से उसके दो बच्चों के सामने दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी 28 वर्षीय चालक है और पीड़ित परिवार के पड़ोस में रहता है। आरोपी महिला के घर में घुस आया और उसने महिला के दो बच्चों के सामने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, वह महिला पर तेजाब डालकर वहां से भाग गया। महिला का पति जब घर पहुंचा तो उसने अपने पत्नी के हाथ और पैर बंधे देखे।
महिला की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि घटना 22 जनवरी की है और मामला अगले दिन दर्ज किया गया। महिला को सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश जारी है।