यूपी एसटीएफ की मेरठ यूनिट ने उत्तर प्रदेश के एटा जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे और जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता पुष्पेंद्र यादव को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पुष्पेंद्र पर 25 हजार का इनाम भी था।
यूपी एसटीएफ की मेरठ यूनिट ने उत्तर प्रदेश के एटा जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे और जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता पुष्पेंद्र यादव को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। 25 हजार के इनामी पुष्पेंद्र यादव को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 स्थित चेरी काउंटी सोसाइटी की मार्केट के पास से गिरफ्तार किया गया। वह एटा के अलीगंज थाने में डकैती और कातिलाना हमले के मुकदमे में आरोपी पिछले तीन साल से वॉन्टेड था। उस पर 25 हजार का इनाम भी था। आरोपी को देर रात अलीगंज थाना पुलिस के हवाले किया गया।
एटा में जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र यादव एटा में वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव का बेटा है। पुष्पेंद्र के पिता जुगेंद्र यादव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और राज्य स्तर पर चिन्हित माफिया है। जुगेंद्र यादव जेल में बंद है। ताऊ रामेश्वर यादव पूर्व विधायक है और वह भी जेल में है। पुष्पेंद्र का एक ताऊ रामनाथ यादव पूर्व ब्लॉक प्रमुख अलीगंज रहा है और वर्तमान में फरार है। पुष्पेंद्र के एक जीजा यूपी कैडर के आईपीएस अफसर हैं।
पुष्पेंद्र यादव समेत उसके पिता और कई लोगों पर अलीगंज थाने में एक महिला ने डकैती, कातिलाना हमले, छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में 2021 में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से पुष्पेंद्र यादव फरार था। पुष्पेंद्र पर एटा पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ मेरठ यूनिट को पुष्पेंद्र की लोकेशन बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा में मिली। घेराबंदी करते हुए पुष्पेंद्र को शाम 6:30 बजे नोएडा के बिसरख थानाक्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ ने आरोपी पुष्पेंद्र यादव के पास से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी, तीन मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी से पूछताछ की गई और देर रात करीब 10:30 बजे पुष्पेंद्र को एटा पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुष्पेंद्र के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। एटा पुलिस और एसटीएफ की टीम पिछले काफी दिनों से पुष्पेंद्र यादव की तलाश में जुटी थी। सपा नेता पुष्पेंद्र यादव जगह बदलकर छिप रहा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलता रहा
पुष्पेंद्र यादव, जुगेंद्र यादव, ताऊ रामनाथ यादव, तहेरे भाई विनोद यादव, विक्रांत यादव, प्रमोद यादव ने मिलकर जून 2021 को गांव अकबरपुर कोट के पास एक महिला को पकड़ लिया था। उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की और सात हजार रुपये लूट लिए थे। फायरिंग की गई थी। इस मामले में एटा के थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुष्पेंद्र तभी से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, नैनीताल आदि ठिकानों पर छिपता फिर रहा था।
जानकारी के अनुसार एटा के अलीगंज थाने में बंद पुष्पेंद्र यादव की रात को ही खातिरदारी शुरू हो गई। आरोप है कि थानेदार ने आरोपी को अपने कार्यालय में कुर्सी पर बैठाया। इस मामले की शिकायत लखनऊ तक पहुंची है, अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
चुनाव के समय पुलिस को दी थी धमकी
पुष्पेंद्र यादव और परिवार सपा में ऊंचा कद रखता है। परिवार के सदस्यों पर दर्जनों अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चुनाव के समय पुष्पेंद्र पर पुलिस अफसरों को धमकाने का आरोप लगा था, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। यह पहली बार है, जब पुष्पेंद्र यादव की गिरफ्तारी हुई है।
एसटीएफ के एएसपी ब्रिजेश सिंह ने बताया कि सपा नेता पुष्पेंद्र यादव की लोकेशन बुधवार को बिसरख थाना क्षेत्र में मिली थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। आरोपी पर एटा पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी को फिलहाल एटा के थाना अलीगंज पुलिस के हवाले किया गया है।