Friday, May 16, 2025
HomeBreaking Newsशादी के लिए 1.20 लाख में 14 साल की लड़की का सौदा,...

शादी के लिए 1.20 लाख में 14 साल की लड़की का सौदा, 35 साल के दूल्हे सहित 8 लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पैसे देकर 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से शादी करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने नाबालिग लड़की के माता-पिता को 1.20 लाख रुपए दिए थे। इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पैसे देकर 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से शादी करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने नाबालिग लड़की के माता-पिता को 1.20 लाख रुपए दिए थे। इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143 (तस्करी) और बाल विवाह रोकथाम अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने media को बताया कि पीड़ित लड़की कातकरी समुदाय से है। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से पुरुष ठाणे जिले के आदिवासी इलाके में आकर दुल्हन खरीदते हैं। ये इस क्षेत्र में एक उभरता हुआ चलन है। पीड़िता के पिता ने उसकी शादी महाराष्ट्र के अहमदनगर के निवासी मंगेश गडेकर (35) से तय की थी। इसके लिए उन्होंने पैसे भी लिए थे। एक एनजीओ से इस शादी के बारे में पुलिस को सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि आदिवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन श्रमजीवी संगठन के स्थानीय स्वयंसेवक दयानंद पाटिल को सबसे पहले इस नियोजित विवाह के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने ही पुलिस को सूचित किया थी।

बुधवार को पुलिस की एक टीम ठाणे जिले के पिंजले गांव पहुंची। वहां शादी की प्रक्रिया चल रही थी। दूल्हे और दुल्हन के एक-दूसरे को माला पहनाने के बाद कार्यवाही रोक दी।

गणेशपुरी थाने के इंस्पेक्टर संदीपन सोनावणे ने बताया कि मुख्य आरोपी मंगेश गडेकर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की के पिता और सौतेली मां एक बिचौलिए के साथ फरार हैं। उन्होंने बताया कि नासिक और अहमदनगर जैसे जिलों से, जहां दुल्हन आसानी से नहीं मिलती, अक्सर कम उम्र की लड़कियों के साथ विवाह तय करने के लिए ठाणे आते हैं। यह एक बढ़ती हुई समस्या है।

बताते चलें कि इसी तरह के मामले मध्य प्रदेश, ओडीशा, झारखंड, बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी अक्सर सामने आते रहते हैं। यहां से लड़कियां खरीदकर लोग शादी करते हैं। खासकर हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्य जहां लड़कियों की कमी है, वहां के लोग 1 से 10 लाख रुपए तक देकर शादी के लिए लड़कियां खरीदते हैं। कई जगहों पर तो एक महिला को कई बार खरीदा और बेंचा जाता है। यह एक उद्योग बन चुका है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular