Wednesday, May 21, 2025
HomeBreaking News10 साल बाद कांग्रेस की वापसी के संकेत, भाजपा के हाथ से...

10 साल बाद कांग्रेस की वापसी के संकेत, भाजपा के हाथ से फिसल सकती है सत्ता

हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर मतदान समाप्त हो गए हैं। एग्जिट पोल के नतीजे भी आने शुरू हो गए हैं। फिलहाल कांग्रेस के लिए परिणाम उत्साह जनक है तो भाजपा खेमे के लिए चिंता की बात है। हालांकि परिणाण 8 अक्टूबर को आएंगे और तभी साफ हो पाएगा कि प्रदेश में किसकी चौधराहट कायम होगी। लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल के जरिए संभावित स्थिति का अंदाजा लगाया जाएगा।

एक्सिस माय इंडिया ने भी माना, कांग्रेस की वापसी तय
एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक भाजपा को 23, कांग्रेस को 59, जजपा को शून्य, इनेलो गठबंधन को दो और अन्य को छह सीट मिलती हुई नजर आ रही है।

‘भाजपा 50 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनाएगी’
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा, “…मुझे पूरा भरोसा है कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार हरियाणा में बनने जा रही है…लोगों को हरियाणा में पिछले 10 साल में सुशासन, विकास मिला है…भाजपा 50 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी…”

‘110% हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी’
पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा, “अभी नतीजे आने दें। पिछले चुनाव के एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। मुझे नहीं लगता की किसी प्रकार से कांग्रेस पार्टी की कोई सरकार बनती नजर आ रही है। 110% हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी।”

‘एग्जिट पोल गलत होगा और भाजपा सरकार बनाएगी’
हरियाणा के अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा, “मतदान अभी भी हो रहा है…अभी सटीक वोट प्रतिशत भी नहीं आया है…चुनाव के पहले के माहौल के आधार पर मैं कह रहा हूं कि एग्जिट पोल गलत होगा और भाजपा सरकार बनाएगी…”

पूरे बहुमत से भाजपा की सरकार आएगी’
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “पूरे बहुमत से भाजपा की सरकार आएगी। 8 अक्टूबर को पूर्ण बहुमत के साथ BJP आएगी। हमें पूरा विश्वास है कि पिछले 10 सालों में हरियाणा के लोगों ने जो काम देखा है, हर वर्ग के लिए काम हुए हैं, हरियाणा को क्षेत्रवाद से मुक्ति दिलाई, परिवारवाद और भेद-भाव से मुक्ति दिलाने का काम हमारी सरकार ने 10 सालों में किया है।”

इस बार लोगों ने मन बना लिया था’
हरियाणा के झज्जर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गीता भुक्कल ने कहा, “इस बार लोगों ने मन बना लिया था। लोग भाजपा से बहुत दुखी थे। जनता ने कांग्रेस पार्टी को अपना आशीर्वाद देने का काम किया है। हम दिल की गहराइयों से उनका धन्यवाद करते हैं।”

सातवें सर्वे में भी कांग्रेस की बल्ले-बल्ले
आज तक सी वोटर के सर्वे में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाते हुए दिखाया है। एजेंसी ने पार्टी के खाते में 50 से 58 सीट दिखाई है। वहीं भाजपा 20 से 28 सीट पर सिपटती हुई नजर आ रही है। जजपा गठबंधन को शून्य से दो और अन्य के खाते में 10 से 14 सीट आती नजर आ रही है।

छठे एग्जिट पोल में भी कांग्रेस की सत्ता में वापसी
जिस्ट टीआईएफ रिसर्च के मुताबिक भी कांग्रेस हरियाणा में वापसी करती हुई दिख रही है। एजेंसी ने पार्टी को 45 से 53 सीट मिलने का अनुमान जताया है। वहीं भाजपा को 29 से 37 सीट पर ही सिमटते हुए दिखाया है। साथ ही इनेलो को शून्य से दो और अन्य के खाते में चार से छह सीट जाने का अनुमान जताया है।

पांचवें एग्जिट पोल में भी कांग्रेस की सत्ता में वापसी
पोल स्ट्रैटजी के मुताबिक भी भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है। एजेंसी ने केवल 23 से 33 सीट की उसके खाते में आने का अनुमान जताया है। वहीं कांग्रेस को 53 से 63 सीट मिलती नजर आ रही है। वहीं अन्य के खाते में तीन से पांच सीट जाती दिख रही हैं।

चौथा सर्वे भी कांग्रेस के खाते में
रिपब्लिक पी-मार्क के सर्वे के अनुसार हरियाणा में भाजपा सत्ता से बाहर होती नजर आ रही है। एजेंसी ने भाजपा को 27 से 37, कांग्रेस को 51 से 61 तो अन्य के खाते में तीन से छह सीट मिलने का अनुमान लगाया है।

तीसरे एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को बढ़त
रिपब्लिक मैट्रिज के मुताबिक भाजपा को 18 से 24, कांग्रेस को 55-62 तो अन्य के खाते में दो से पांच सीट आती दिख रही हैं।

दूसरे एक्जिट पोल में भी कांग्रेस को बढ़त
पीपुल्स पल्स के मुताबिक भाजपा को 20-32 तो कांग्रेस को 49-61 सीट आती दिख रही हैं। वहीं जजपा गठबंधन को एक, इनेलो को दो से तीन तो अन्य के खाते में तीन से पांच सीट मिलती नजर आ रही हैं।

ध्रुव रिसर्च एग्जिट पोल
ध्रुव रिसर्च एग्जिट पोल के मुताबिक हरियाणा में इस बार भाजपा को करारा झटका लगता हुआ दिखाई दे रहा है। एजेंसी ने भाजपा को 27, कांग्रेस को 57 और अन्य को छह सीट मिलने का अनुमान जताया है।

पांच बजे तक 60 फीसदी से ऊपर हुए मतदान
हरियाणा में पांच बजे तक 61 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सबसे अधिक यमुनानगर में 67.93 प्रतिशत तो सबसे कम दिल्ली से सटे गुरुग्राम में 49.97 फीसदी वोटिंग हुई है।

पिछले चुनाव में एग्जिट पोल्स में किस पार्टी को कितनी सीटें दी गई थीं?
न्यूज 18– Ipsos का एग्जिट पोल
भाजपा – 70 सीटें
कांग्रेस – 10 सीटें
अन्य – 4 सीटें

टाइम्स नाउ का एग्जिट पोल
भाजपा – 71 सीटें
कांग्रेस -11 सीटें
अन्य – 08 सीटें

रिपब्लिक-जन की बात एग्जिट पोल
भाजपा – 52-63 सीटें
कांग्रेस -15-19 सीटें
अन्य – 7-10 सीटें

एबीपी-सी वोटर एग्जिट पोल
भाजपा – 72 सीटें
कांग्रेस – 08 सीटें
अन्य – 10 सीटें

भाजपा मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से तीखी नोंक-झोंक
हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान लोहारू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ तीखी नोंक-झोंक हो गई। चुनावी माहौल के बीच यह घटना उस समय हुई जब जेपी दलाल एक मतदान केंद्र का दौरा करने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और उनके नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।

जेपी दलाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि वे चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा नेता जनता के बीच जाकर अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।

इंद्री विधानसभा में हलवाना में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों में झड़प
इंद्री विधानसभा के गांव हलवाना में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई। बूथ पर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कांबोज एक व्यक्ति को बूथ से बाहर जाने का आदेश देते दिख रहे हैं। वहीं, दूसरा व्यक्ति कह रहा है कि वह वोट डालने आया है और वोट डालकर ही जाएगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राकेश कांबोज के साथ आए भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी करके माहौल को खराब किया। दूसरी तरफ, राकेश कांबोज के समर्थकों का दावा है कि एक व्यक्ति बूथ पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था, और राकेश उसे बाहर जाने के लिए कह रहे थे।

इस बीच, खेड़ी मान सिंह गांव में एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उस पर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। जब उसने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने अपना मेडीकल करवाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

एग्जिट पोल कौन जारी करता है?
सर्वे एजेंसी या न्यूज चैनल एग्जिट पोल कराते हैं। एग्जिट पोल मतदान के तुरंत बाद कराया जाता है, जिसमें केवल मतदाताओं को ही शामिल किया जाता है। एग्जिट पोल में वही लोग शामिल होते हैं, जो मतदान कर बाहर निकलते हैं। एग्जिट पोल निर्णायक दौर में होता है। इससे पता चलता है कि लोगों ने किस पार्टी पर भरोसा जताया है।

क्या होता है एग्जिट पोल?
एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है। मतदान वाले दिन जब मतदाता वोट देकर पोलिंग बूथ से बाहर निकलता है तो वहां अलग-अलग सर्वे एजेंसी और समाचार चैनल के प्रतिनिधि मौजूद होते हैं। वह मतदाता से मतदान को लेकर सवाल पूछते हैं। इसमें उनसे पूछा जाता है कि उन्होंने किसको वोट दिया है? इस तरह से हर विधानसभा या लोकसभा के अलग-अलग पोलिंग बूथ से मतदाताओं से सवाल पूछा जाता है। मतदान खत्म होने तक बड़ी संख्या में आंकड़े एकत्र हो जाते हैं। इन आंकड़ों को जुटाकर और उनके उत्तर के हिसाब से अंदाजा लगाया जाता है कि पब्लिक का मूड किस ओर है? मैथमेटिकल मॉडल के आधार पर ये निकाला जाता है कि कौन सी पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं? इसका प्रसारण मतदान खत्म होने के बाद ही किया जाता है।

ऐसा रहा था 2019 में हरियाणा चुनाव में परिणाम
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। बीजेपी 90 में से 40 सीट जीतने में कामयाब रही थी पर बहुमत से छह सीट दूर रह गई थी। कांग्रेस 31 सीट जीतकर विपक्ष में रही। वहीं जननायक जनता पार्टी 10 सीट जीतने में कामयाब रही और किंग मेकर की भूमिका भी अदा की थी। निर्दलीय उम्मीदवारों ने सात सीट जीतीं। बीजेपी ने जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई। जेजेपी के सपोर्ट से राज्य में फिर भाजपा की सरकार बनी थी। जिसमें मनोहर लाल मुख्यमंत्री बने और जेजेपी के नेता दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular